संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। श्री अमरनाथ यात्रा के सुचारु संचालन की तैयारियों की समीक्षा और रणनीति बनाने के लिए एसएसपी उधमपुर आमोद अशोक नागपुरे की अध्यक्षता में बुधवार को एक उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक हुई।
इसमें अतिरिक्त एसपी उधमपुर, एसडीपीओ, उप पुलिस अधीक्षक और उधमपुर, मजालता, रेहम्बल और चिनैनी के एसएचओ के साथ-साथ अन्य अधिकारियों ने भाग लिया। एसएसपी नागपुरे ने किसी भी चुनौती से निपटने और तीर्थ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मजबूत अंतर-एजेंसी समन्वय, प्रभावी सुरक्षा योजना और सुचारु संचार पर जोर दिया। चर्चा में सुरक्षा, खुफिया जानकारी साझा करने, यातायात नियंत्रण, चिकित्सा सहायता, आपातकालीन सेवाओं और रसद पर ध्यान केंद्रित किया गया। मादक पदार्थों के खिलाफ प्रयासों पर विशेष जोर दिया गया।
एसएसपी उधमपुर ने सभी अधिकारियों को सतर्क रहने और नार्को नेटवर्क के खिलाफ सक्रिय अभियान शुरू करने का निर्देश दिया। एसएसपी ने अधिकारियों को यात्रा के दौरान उच्च स्तर की सतर्कता और तैयारी बनाए रखने, सभी योजनाओं और प्रोटोकॉल के निर्बाध क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए नियमित समीक्षा बैठकें, ब्रीफिंग सत्र और मॉक ड्रिल आयोजित करने की सलाह दी।