रियासी। जनरल जोरावर सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में जारी विंटर प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता में नाइट राइडर्स माहौर ने यंग स्टार डोडा को 121 रन के विशाल अंतर से हरा दिया।
माहौर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। इसमें बल्लेबाज ओवैस शफी ने शानदार बल्लेबाजी की और 62 गेंदों पर 15 चौकों और एक छक्के की सहायता से 108 रन बनाए। इसकी बदौलत माहौर की टीम 19.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 220 रनाने में कामयाब हुई। अन्य बल्लेबाज शेख जहूर ने 13, उमान ने 11, मसूद फारूक ने 11 व वाहिद मैक्सी ने 16 रन बनाए। डोडा के गेंदबाज अमीर मलिक और जावेद अहमद ने तीन तीन, शबीर ने दो व जहांगीर असलम ने एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए डोडा की पूरी टीम 15.4 ओवर में 99 पर सिमट गई। बल्लेबाज लियाकत अली ने सबसे ज्यादा 34 रन बनाए, वहीं आरिफ शाह ने 21 व शबीर अहमद ने 17 रन बनाए। माहौर के गेंदबाज सोफी ताहिर ने तीन, फाजिल नबी व मोहम्मद आरिफ ने दो दो और वाहिद मैक्सी व डॉ. रमीज ने एक एक विकेट लिया। ओवैस शफी को उनकी शानदार शतकीय पारी के लिए मैन ऑफ द मैच देकर पुरस्कृत किया गया।