गर्वनर सिल्वर रोलिंग वालीबाल चैंपियनशिप के आयोजन की जानकारी देते प्रिंसिपल एनके रेसोत्रा।
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। गवर्नमेंट डिग्री कालेज उधमपुर में स्टेट लेवल इंटर कालेजिएट गवर्नर सिल्वर रोलिंग वालीबाल चैंपियनशिप के पांवचें संस्करण का आयोजन 13 सितंबर शुक्रवार को होगा, जिसमें जम्मू संभाग के साथ लेह व कारगिल के कालेजों की टीमें भी हिस्सा लेंगी। यह जानकारी डिग्री कालेज के प्रिंसिपल डा. नूतन कुमार रेसोत्रा ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।
प्रिंसिपल ने बताया कि गवर्नर सिल्वर रोलिग वालीबाल चैंपियनशिप की जिम्मेदारी डिग्री कालेज को पूर्व राज्यपाल एनएन वोहरा ने 2014 में दी थी। यह एक तरह से कालेज के लिए तोहफा था। तब से लगाकर इस कालेज में इसका आयोजन हो रहा है। इस बार यह चैंपियनिशप 13 से 15 सितंबर तक आयोजित होगी। उन्होंने बताया कि राज्यपाल के सलाहकार फारूक खान इसका उद्घाटन करेंगे। चैंपियनशिप की शुरूआत प्रदर्शनी मुकाबले के साथ की जाएगी, जिसमें मेजबान कालेज की टीम के साथ दूसरे कालेज की टीम हिस्सा लेगी। चैंपियनशिप नाक आउट सीरीज के तहत चलेगी। जो टीम हारेगी उसको चैंपियनशिप से बाहर होना पड़ेगा। चैंपियनशिप पुरुष महिला वर्ग के बीच आयोजित की जाएगी। इसके आयोजन में जिला प्रशासन और डिस्ट्रिक्ट यूथ सर्विसेज एंड स्पोट्र्स डिपार्टमेंट की तरफ से पूरा सहयोग किया जाएगा। कश्मीर में मोबाइल व लैंडलाइन सेवा बंद होने के कारण अभी तक कश्मीर के साथ कालेजों के साथ संपर्क नहीं हो पाया है। कश्मीर के कालेजों को इसकी जानकारी देने के लिए कुछ स्टाफ को कश्मीर भेजा जाएगा। उसके बाद ही पता चलेगा कि इसमें कश्मीर के कितने कालेजों की टीमें इसमें हिस्सा लेने के लिए पहुंचेंगी। संभावना है कि इस चैंपियनशिप में राज्य की करीब 35 टीमें हिस्सा लेंगी। समापन समारोह में शेर-ए-कश्मीर पुलिस अकादमी के निदेशक एसडी जम्वाल मुख्य मेहमान होंगे। डिग्री कालेज इसके आयोजन की तैयारियों में जुट चुका है।