जिला पुलिस लाइन में हथियारों की जानकारी हासिल करते छात्र
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। आपरेशन सद्भावना के तहत सेना की तरफ से टूर पर रवाना किए गए छात्रों का दल शुक्रवार को उधमपुर पहुंचा, जहां पुलिस ने छात्रों का स्वागत किया और अपनी कार्यप्रणाली के बारे में कई प्रकार की जानकारी दी। छात्रों को हथियारों की भी जानकारी देकर जागरूक किया गया। इस दौरान एसएसपी राजीव पांडे विशेष तौर पर मौजूद थे।
जम्मू संभाग के दूर दराज ग्रामीण इलाकों में रहने वाले छात्रों को सेना की तरफ से कुछ दिन पहले टूर पर रवाना किया गया था। शुक्रवार को यह दल जिला पुलिस लाइन पहुंचा, जहां पुलिस की तरफ से इनके लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया था। पुलिस ने इनको अपने हथियारों के बारे में कई प्रकार की जानकारी उपलब्ध करवाई। एसएसपी कार्यालय ले जाकर इनको बताया गया कि किस प्रकार पुलिस मुश्किल हालात में काम करती है। किस प्रकार कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस को दिन रात काम करना पड़ता है। किस प्रकार पुलिस यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए काम करती है। कोई अपराध करता है तो किस तरह से उस पर कार्रवाई की जाती है। इस दौरान सेना के अधिकारी भी मौजूद थे।