उधमपुर। जिले के पहाड़ी क्षेत्र पंचैरी व मोंगरी तहसील की 20 पंचायतों को आने वाले दिनों में खेल का सामान उपलब्ध करवाया जाएगा। इस सामान से पंचायत के युवा, किशोर और बच्चे अपनी खेल प्रतिभा को निखार सकेंगे।
पंचैरी व मोंगरी तहसील में खेलों को बढ़ावा देने के लिए डीडीसी पंचैरी जसवीर सिंह ने डीडीसी फंड से आठ लाख रुपये मंजूर किए हैं। दोनों तहसीलों की प्रत्येक पंचायत में 40 हजार रुपये का खेल का सामान उपलब्ध करवाया जाएगा। प्रत्येक पंचायत को बैडमिंटन, क्रिकेट, वॉलीबाल, शतरंज, कैरमबोर्ड, आदि खेलों का सामान दिया जाएगा। इस सामान का इस्तेमाल कर पंचायत के युवा, किशोर और बच्चे अपनी खेल प्रतिभा को निखार सकेंगे।
स्कूल का कोई खेल शिक्षक इन खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने का काम करेंगे। प्रत्येक पंचायत में एक स्कूल की पहचान की जाएगी, और यह सामान उस स्कूल को सौंप दिया जाएगा। इसके बाद इस सामान को इस्तेमाल के लिए स्कूल से प्राप्त किया जा सकता है। सामान को वितरित करने में जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग सहयोग करेगा। इस योजना के लिए खेल विभाग ने तकनीकी मदद की है।
-------
सभी पंचायतों के लिए सामान खरीद लिया गया है। कुछ दिनों में इसको वितरित करने का प्रयास शुरू कर दिया जाएगा। यह प्रयास विशेष तौर पर खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए किया गया है। क्योंकि, अक्सर खेल का सामान न होने के कारण कई खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा गांव तक ही सीमित रह जाती है।
- जसवीर सिंह, डीडीसी पंचैरी