करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी बट्टलबालियां औद्योगिक क्षेत्र के नजदीक गांव वालिया में पेयजल समस्या हल नहीं हो पाई है। क्षेत्र में 2003 से लेकर 2011 तक दो करोड़ 12 लाख 85 हजार रुपये पेयजल आपूर्ति के लिए खर्च हो चुके हैं।
आरटीआई कार्यकर्ता एडवोकेट संजीत कुमार बवोरिया के अनुसार पीएचई विभाग से 1996 से 2015 तक वालिया गांव में खर्च की गई रकम की जानकारी मांगी गई। इस पर बताया गया कि वालिया क्षेत्र बट्टलबालियां में पड़ता है।
वर्ष 2003 से 2011 तक दो करोड़ 12 लाख 85 हजार रुपये खर्च किए गए हैं। मांगी गई जानकारी में कहा है कि इतने रुपये खर्च करने के बाद भी गांव में समस्या का समाधान नहीं हो पाया है और लोग पेयजल को तरस गए हैं। इससे लोगों को कई तरह की दिक्कतों का सामना भी करना पड़ रहा है। ऐसे कई गांव हैं जहां पर पीने के पानी की समस्या को हल नहीं किया गया है। जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं हुआ है।
विभाग की योजनाओं पर केवल कागजों में ही काम हुआ है। उन्होंने डीसी डा. शाहिद इकबाल चौधरी से मांग की कि वह फंड की जांच कराएं, ताकि पता लगाया जा सके कि इतनी धनराशि कहां खर्च हुई।