पौनी। भांबला क्षेत्र के रहने वाले भारतीय सेना सांबा में तैनात जवान युगल शर्मा (35) निवासी मंगाई की संदिग्ध परिस्थितियों में ड्यूटी के दौरान दिल का दौरा पड़ने से बुधवार दोपहर को मौत हो गई।
जैसे ही इसकी सूचना क्षेत्र में मिली तो घर वालों के साथ-साथ पूरे भांबला क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ पड़ी। करीब डेढ़ महीने की छुट्टी काटने के बाद युगल भाई दूज पर वापस ड्यूटी पर चले गए थे। वीरवार सुबह 11:00 बजे उनका पर्थिव शरीर भांबला पहुंचा, जहां पर दुकानदारों ने पूरा बाजार बंद कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनके अंतिम दर्शन करने के लिए घर में सुबह से ही लोग पहुंच रहे थे। जवान युगल शर्मा अमर रहे के जय घोष के साथ तिरंगे में लिपटा जैसे ही उनका शव घर पहुंचा तो घर वालों का रो-रो कर बुरा हाल था। उनकी पत्नी बार-बार उनको देखकर बेहोश हो रही थी। उनका चार साल का बेटा कह रहा था कि आर्मी की गाड़ी पर मेरे पापा का फोटो लगा है। इसके बाद सैन्य सम्मान के साथ उनके बेटे ने अपने पिता को मुखाग्नि दी।