चिनैनी। चिनैनी में लगातार दूसरे मौसम का मिजाज बिगड़ा रहा। इस दौरान जहां पटनीटॉप सहित नत्थाटॉप, जुगधार सहित अन्य ऊंची पर्वतीय चोटियों पर हिमपात हुआ है। मैदानों में दिनभर बादल छाए रहने और बर्फीली हवाएं चलने से क्षेत्र में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।
मौसम के बिगड़ मिजाज के चलते जम्मू संभाग के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल में करीब चार इंच तक ताजा हिमपात हुआ है। पूरा इलाका बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है। वहीं, जुगधार, देराटॉप, लद्दाधार, स्योजधार व शिवगढ़ धार में भी रुक-रुक बर्फबारी जारी है। मैदानी इलाको में भी हल्की बारिश हो रही है। बर्फीली हवाएं चलने से इलाके के तापमान में काफी गिरावट आई है। दिनभर लोगों को अलाव का सहारा लेते देखा गया है।
उधर, ताजा हिमपात से सैलानियों और कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं। काफी संख्या में पहुंच पर्यटक दिनभर बर्फबारी में अठखेलियां करते देखे गए। कारोबारियों ने बर्फबारी के बाद पर्यटकों की संख्या में इजाफा होने की संभावना जताई है।