कटड़ा। श्री माता वैष्णो देवी कॉलेज ऑफ नर्सिंग के शासी निकाय की 45वीं बैठक बुधवार ककड़ियाल स्थित परिसर में हुई। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के सीईओ सचिन कुमार वैश्य विशेष रूप से शामिल हुए।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी आलोक कुमार मौर्य, डॉ. यशपाल शर्मा, डॉ. शारदा एम पोटुकुची सहित अन्य अधिकारी माैजूद रहे। सुरेश कुमार शर्मा (सेवानिवृत्त न्यायाधीश) की अध्यक्षता में हुई बैठक में शासी निकाय ने अपनी पिछली बैठकों में लिए गए निर्णयों की प्रगति की समीक्षा की। कॉलेज के शैक्षणिक मानकों और संस्थागत विकास को और मजबूत करने के उद्देश्य से कई दूरदर्शी प्रस्तावों पर व्यापक विचार-विमर्श किया।
प्रबंध समिति ने कॉलेज की स्थापना के 10 वर्ष पूरे होने और स्वास्थ्य सेवा शिक्षा में इसके महत्वपूर्ण योगदान को चिह्नित करते हुए उत्कृष्टता के दशक के उत्सव को भी मंजूरी दी। यह निर्णय लिया गया कि उत्सव पूरे वर्ष आयोजित किए जाएंगे और इसमें एक भव्य उद्घाटन समारोह, शैक्षणिक कार्यक्रम, सामुदायिक भागीदारी पहल, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और आउटरीच गतिविधियां शामिल होंगी। वर्ष भर चलने वाले उत्सव का समापन एक भव्य समापन समारोह के साथ होगा। शासी निकाय ने चौथे नर्सिंग महोत्सव तरंग-2026 के आयोजन को भी मंजूरी दी। संवाद