कटड़ा। धर्मनगरी सहित मां वैष्णो देवी के भवन क्षेत्र में रविवार को दिनभर बादल छाए रहे। जय माता दी के जयकारे लगाते हुए श्रद्धालु यात्रा के लिए बढ़ते रहे। रविवार शाम छह बजे तक लगभग 14 हजार श्रद्धालु में दरबार में हाजिरी लगाने के लिए रवाना हो चुके थे। जबकि पंजीकरण कक्ष बंद होने में अभी चार घंटे बाकी थे।
बता दें कि शनिवार को लगभग 19 हजार श्रद्धालु मां के दरबार में पहुंचे थे। चाहे बुजुर्ग हों या बच्चे सभी में मां के दर्शन की ललक साफ नजर आई। बारिश की आशंका के बावजूद यात्रियों का उत्साह देखते ही बनता था। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए श्राइन बोर्ड प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम कर रखे हैं। विशेषकर हेलीकॉप्टर सेवा का लाभ उठाकर सैकड़ों श्रद्धालु कटड़ा से सांझीछत तक की दूरी को कुछ ही मिनटों में तय कर रहे हैं।
दिल्ली से आए एक श्रद्धालु ने बताया कि पहली बार हेलीकॉप्टर सेवा से यात्रा की और अनुभव अत्यंत सुखद रहा। भवन क्षेत्र में मौसम थोड़ा ठंडा था लेकिन व्यवस्था इतनी अच्छी है कि कोई दिक्कत नहीं हुई। वहीं, पंजाब की एक महिला श्रद्धालु ने कहा हर जगह साफ-सफाई और मदद के लिए स्टाफ मौजूद था, यह देखकर खुशी हुई।