उधमपुर। पंचायत तलपड़ के गांव शिव नगर में मौजूद आयुष्मान भारत केंद्र में स्थायी डॉक्टर व फार्मासिस्ट न होने के कारण लोगों को उपचार के लिए मजबूरन सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) उधमपुर जाना पड़ रहा है।
इंडियन सिस्टम ऑफ मेडिसिन (आईएसएम) विभाग की ओर से आयुष्मान भारत केंद्र ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए खोला गया गया था। मगर यहां स्टाफ सप्ताह में सिर्फ तीन दिन ही बैठता है। विभाग की ओर से स्टाफ की ड्यूटी एक और सेंटर में भी लगाई गई है। पंचायत के लोगों को इलाज के लिए जीएमसी जाना पड़ता है। इस समस्या के निवारण के लिए लोग कई बार विभाग से स्थायी तौर पर यहां डॉक्टर लगाने की मांग कर चुके हैं। लेकिन यह मांग पूरी नहीं हुई। कई सालों से फार्मासिस्ट का पद खाली पड़ा है।
विज्ञापन
पूर्व सरपंच ओम प्रकाश ने बताया कि क्षेत्र में होने वाली प्रशासनिक बैठकों में वे लोग इस मुद्दे को कई बार उठा चुके हैं। लेकिन सिवाय आश्वासन के कुछ नहीं मिला। केंद्र में सिर्फ एक ही डाॅक्टर तैनात है जिसे अन्य केंद्रों में भी मरीजों को देखने जाना पड़ता है। वह सप्ताह में सिर्फ तीन दिन ही यहां ड्यूटी देते हैं। पिछले कई सालों से केंद्र में फार्मासिस्ट का पद भी खाली पड़ा है। विभाग केंद्र में स्टाफ को पूरा करने व स्थायी तौर पर डाॅक्टर की नियुक्ति करने की ओर ध्यान नहीं दे रहा।
कोट..
जिले में स्टाफ की कमी के चलते केंद्र पर डाॅक्टर तीन दिन बैठ रहे हैं। आयुष भारत केंद्र हो या फिर अन्य स्वास्थ्य केंद्र, स्टाफ की कमी को पूरा करने के लिए हम लगातार प्रयास कर रहे हैं। विधानसभा सत्र में भी इस मुद्दे को जोरशोर से उठाया था।
- रणबीर सिंह पठानिया, विधायक उधमपुर ईस्ट