भद्रवाह में ‘छोटी सी प्यार की स्टोरी’ की शूटिंग का दृश्य।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
मिनी कश्मीर के नाम से मशहूर भद्रवाह की वादी की तरफ बालीवुड का रुझान फिर हुआ है। इन दिनों यहां फिर से कट और रीटेक की आवाज गूंज रही है। यहां पर ‘एक छोटी सी प्यार की स्टोरी’ फिल्म की शूटिंग हो रही है। इसमें मशहूर फिल्म निर्माता महेश भट्ट की पत्नी हीरोइन की दादी का रोल प्ले कर रही हैं।
एक वक्त था जब कश्मीर और मिनी कश्मीर यानी भद्रवाह बालीवुड के लिए खास जगह होती थी। बहुचर्चित फिल्म ‘नूरी’ की शूटिंग भी यहां की वादियों में ही हुई थी। इसके अलावा कई अन्य फिल्मों के सीन और सीरियल को यहां फिल्माया गया। लेकिन आतंकवाद के फन उठने के बाद बालीवुड ने यहां से मुंह मोड़ लिया और फिर मिनी कश्मीर की पहचान गुम सी हो गई। लेकिन आतंकवाद के लगभग खात्मे के बाद भद्रवाह में फिर से एक नई दास्तां शुरू हुई है।
एल्बमों और सीरियल की यहां पर शूटिंग शुरू हुई है। रविवार को ‘एक छोटी सी प्यार की स्टोरी’ नाम की फिल्म के सीन को शूट किया गया। इसमें कई महेश भट्ट की पत्नी के अलावा अन्य बालीवुड के कलाकार और कई विदेशी कलाकार भी शामिल थे। इसमें कुलभूषण खरबंदा भी अहम रोल में हैं। बताया जा रहा है कि यहां पर करीब ढाई महीने तक शूटिंग चलेगी।