पौनी। आधार शिविर रनसु से शिवखोड़ी ट्रैक पर श्रद्धालुओं से निर्धारित कीमत से अधिक वसूली करने का मामला सामने आया है। कांग्रेस के प्रदेश सचिव करनदीप सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से मुद्दे को उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि रनसु बाजार बंद होने का फायदा उठाकर ट्रैक पर कुछ दुकानदार देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं से मनमाने दाम वसूल रहे हैं। 30 रुपये की कोल्ड ड्रिंक महंग दाम पर बेची जा रही है जबकि एक खीरा 50 से 60 रुपये तक में दिया जा रहा है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मनमानी पर जल्द रोक नहीं लगाई गई तो वे लोगों के साथ ट्रैक पर जाकर स्थिति का जायजा लेंगे। वहीं श्राइन बोर्ड के प्रबंधक तरसेम लाल शर्मा ने मौके पर पहुंचकर दुकानदारों को सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि सभी दुकानों के बाहर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से लगाई जाए। यदि कोई दुकानदार निर्धारित दरों से अधिक वसूली करते मिला तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी अपील की कि अधिक वसूली की शिकायत मिले तो तुरंत जानकारी संबंधित अधिकारियों को दें।