पौनी। रनसु स्थित शिवखोड़ी यात्रा की समयसीमा के विरोध में चल रहे प्रदर्शन के दौरान सोमवार को उस समय तनाव का माहौल बन गया जब तय कार्यक्रम के बावजूद सांसद जुगल किशोर शर्मा प्रदर्शनस्थल पर नहीं पहुंचे।
लोगों को उम्मीद थी कि सांसद जुगल किशोर शर्मा और विधायक कुलदीप राज दुबे समस्याएं सुनकर समाधान निकालेंगे। दोपहर में शिवखोड़ी संघर्ष समिति के अध्यक्ष भगवान सिंह को सूचना मिली कि सांसद तब आएंगे, जब कांग्रेस के प्रदेश सचिव करनदीप सिंह वहां से जाएंगे। इसके बाद लोग भड़क गए और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
देखो-देखो कौन भागा के नारे लगने शुरू हो गए। करनदीप सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि सांसद जनता की समस्याएं सुनने नहीं बल्कि अपनी पार्टी के स्थापना दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने आए हैं।
उन्होंने कहा कि हम पहले दिन से ही संघर्ष समिति के साथ खड़े हैं और अगर उनकी मौजूदगी से समस्या है तो वह हटने को तैयार हैं लेकिन प्रदर्शनकारियों ने इसे स्वीकार नहीं किया। स्थिति को देखते हुए सांसद जुगल किशोर शर्मा और विधायक कुलदीप राज दुबे ने संघर्ष समिति के कुछ प्रतिनिधियों के साथ बैठक की और उनकी मांगों को सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि मुद्दे को उच्च स्तर पर उठाया जाएगा। साथ ही कहा कि यह लोगों की रोजी-रोटी से जुड़ा मामला है और वे समाधान के लिए प्रयास करेंगे। यह भी साफ किया कि सुरक्षा एजेंसियों की रिपोर्ट के आधार पर निर्णय लिया गया है लेकिन दोबारा रिपोर्ट तैयार कराकर यात्रा को पहले की तरह सुचारु रूप से चलाने का प्रयास किया जाएगा। आश्वासन के बावजूद प्रदर्शनकारी नहीं माने।