रामबन। आगामी पवित्र अवसरों शब-ए-कद्र, जुमात-उल-विदा और ईद-उल-फितर के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए उपायुक्त मोहम्मद इलियास खान ने समीक्षा बैठक की। डीसी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि धार्मिक स्थलों पर निर्बाध बिजली, पेयजल और बेहतर स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बैठक में एसएसपी अरुण गुप्ता सहित विभिन्न उपमंडलों के मजिस्ट्रेट और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। डीसी ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को बाजारों में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता बनाए रखने और कालाबाजारी रोकने के लिए नियमित जांच के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त चिकित्सा स्टाफ और एम्बुलेंस सेवाएं अलर्ट पर रखने को कहा गया है।
एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि मस्जिदों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं। धार्मिक प्रतिनिधियों ने प्रशासन की तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। संवाद