उधमपुर। जिले में वीरवार को कोरोना संक्रमण के सात नए मामले मिले हैं। इसके साथ ही तीन और लोग महामारी को मात देने में कामयाब भी रहे हैं। जिले में मौजूदा समय में 50 मामले शेष हैं। जिला में कोरोना संक्रमण के मामलों में गिरावट लगातार जारी है और इससे प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग के साथ जिलावासियों को भी बहुत ज्यादा राहत मिल रही है।
कोरोना के मामलों में गिरावट का सिलसिला जून महीने के पहले सप्ताह के साथ ही शुरू हुआ था। लेकिन अभी भी हर रोज दस के आसपास मामले सामने आ रहें हैं। संक्रमण की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने टेस्टिंग का काम लगातार जारी रखी है। हर रोज एक हजार से अधिक लोगों के कोरोना टेस्ट किए जा रहे हैं। जिला अस्पताल के साथ सभी प्राइमरी हेल्थ सेंटर में टेस्टिंग की जा रही है। अब हर रोज औसतन चार से सात मामले सामने आ रहे हैं।
मंगलवार को कुल छह लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे। जबकि बुधवार को इनकी संख्या तीन रही है। अब वीरवार को सात नए मामले पाएं गए हैं। इनमें टिकरी में तीन, चिनैनी में दो, पंचैरी में एक, तथा मजालता में एक मामला पाया गया है। शहर के अंदर कोई संक्रमित नहीं पाया गया है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 11251 हो गए हैं। 11068 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। 133 की संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले में अब 50 सक्रिय मामले बचे हैं।