उधमपुर। दिन प्रतिदिन बढ़ रही महंगाई के विरोध में कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने वीरवार को रोष रैली निकाल कर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जखैनी में जम्मू-श्रीनगर हाईवे को भी बंद करने का प्रयास किया गया। जहां मौके पर मौजूद थाना प्रभारी ने उन्हें हाईवे पर जाने से रोक दिया गया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्कामुक्की भी हुई।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि केंद्र सरकार की नाकामी के कारण पेट्रोल के दाम 100 रुपये से अधिक हो चुके हैं। दो माह से लगातार पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के सिलिंडर के दाम में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। महंगाई से आम आदमी की कमर टूट चुकी है। वीरवार सुबह 11 बजे कांग्रेस नेता सुमित मगोत्रा के नेतृत्व में बाड़यां से रोष रैली निकाली गई जो धार रोड से हो कर जखैनी चौक पहुंची। जहां पर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को भी बंद करने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर पंहुची पुलिस विफल कर दिया। इस मौके पर वरिष्ठ नेता बृजमोहन शर्मा और विजय मन्हास भी मुख्य रूप से मौजूद थे।
सुमित मगोत्रा ने कहा कि आम जनता व विपक्ष के लगातार प्रदर्शनों के बावजूद केंद्र सरकार की नींद नहीं टूट रही है। केंद्र सरकार महंगाई को कम करने की बजाए रोजाना पेट्रो पदार्थों के दाम में बढ़ोतरी कर रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। महंगाई को रोकने के लिए सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।