चिनैनी। चिनैनी में तवी में शुक्रवार को नहाते समय लापता हुए युवक का शनिवार को भी कोई सुराग नहीं मिला है। वहीं, शनिवार को सुबह से शाम तक अभियान चलाया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक सुराग नहीं मिला है। पानी का बहाव तेज होने और पानी मटमैला होने से युवक को ढूंढने में दिक्कत आ रही है।
एसडीपीओ, स्थानीय तैराकों, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने शनिवार को दिनभर अभियान चलाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली है। शनिवार की सुबह एसडीपीओ चिनैनी अहमद शाफी जरगर और थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह मौके पर मौजूद रहे। दोपहर के समय पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने भी तलाशी अभियान चलाया, लेकिन शाम तक युवक का कुछ भी पता नही चल पाया है। युवक की तलाश तवी नदी में दूर तक की गई मगर पानी इतना ज्यादा मैला था कि कुछ भी नजर नहीं आ रहा था। वहीं, सुबह के समय पहाड़ी क्षेत्रों में हुई तेज बारिश के कारण नदी का बहाव तेज हो गया, जिससे तलाशी अभियान में बाधा आ रही थी।
एसडीपीओ ने स्वयं संभाला मोर्चा
चिनैनी एसडीपीओ सुबह से ही अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर मौजदू थे जहां से शुक्रवार को एक युवक नहाने के लापता हो गया था। वह तवी में उतरे और अभियान में मदद की।
तवी में कई स्थानों पर स्रान है वर्जित
वार्ड एक टंडार के गिरधारी लाल शर्मा ने बताया कि तवी में कुछ स्थानों पर स्रान वर्जित है। इसी तरह चिनैनी तवी पर बने पुल और ऐला गांव के पास भी स्रान नही करना चाहिए। जिस स्थान पर युवक लापता हुआ है उसे युग का पतन कहते हैं। 1988 में इस स्थान पर एक बड़ा पुल बहा था। गांव बैणी संगम के पास भी ऐसे स्थान हैं जहां स्रान वर्जित है।