किश्तवाड़। जिला किश्तवाड़ के पाडर तहसील में वीरवार देर रात चिनाब में गिरे टिप्पर सहित छह लोगों को शनिवार को भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। थाना प्रभारी पाडर एसएस बंदराल ने बताया कि शनिवार को करर्थ, सजार व अन्य गांवों के लोगों के सहयोग से घटना स्थल से कई किलोमीटर दूर शाशू तक नदी के चप्पे-चप्पे को खंगाला है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।
लापता लोगों परिजन भी साथ में तलाश करते हुए मायूस हो चुके हैं। थाना परभारी ने बताया कि हादसे को लेकर मामला दर्ज कर लिया है। गौरतलब है कि वीरवार की देर रात्रि के समय इस हादसे की सूचना मिली थी, जिसके बाद से लापता लोगों की तलाश जारी है। वाहन चालक संदीप कुमार के अलावा अन्य सहचालक व मजदूर अभी तक लापता ही हैं। डीसी राजेंद्र सिंह तारा ने बताया कि प्रशासन ने डूल व अन्य स्थानों पर नदी में ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। चिनाब नदी का बहाव इतना है कि किसी गोताखोर को भी नहीं बुलवाया गया है। घटनास्थल से लेकर डूल तक तलाश जारी है।