कटड़ा। सीमा पर पाकिस्तान की ओर से जारी सीजफायर के उल्लंघन, आतंकियों की घुसपैठ, घाटी में जारी आतंकी गतिविधियों और चीन के साथ गलवां विवाद के बाद धर्मनगरी की सुरक्षा चाक चौबंद कर दी गई है। इसके लिए पुलिस व सीआरपीएफ की 06 बटालियन के जवान तैनात किए गए हैं जो लगातार गश्त लगा कर सुरक्षा को पुख्ता कर रहे हैं। पुलिस और सीआरपीएफ के जवानाें ने जहां गश्त बढ़ा दी है वहीं, आसपास के जंगलों और संदिग्ध स्थानों को खंगाला जा रहा है।
रविवार को भी इसी कड़ी में पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने कटड़ा के साथ लगते सीड़ा-कोटला, धीरती और ककरियाल गांवों में गश्त लगा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही बीडीसी के सदस्यों और ग्रामीणों से बातचीत की। वहीं, उन्हें संदिग्ध लोगों पर नजर रखने और जल्द सूचना देने के निर्देश दिए। सनद रहे कि एसएसपी रश्मि वजीर के निर्देशों पर एसपी कटड़ा अमित भसीन, एसडीपीओ कुलजीत सिंह और एसएचओ सुनील शर्मा के नेतृत्व में सुरक्षा को पुख्ता बनाने के लिए पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों की टीमों का गठन किया गया है।