उधमपुर। बिना सूचना के कई दिनों तक कार्यालय में अनुपस्थित रहने की शिकायत मिलने के बाद सीईओ उधमपुर ने जोनल एजूकेशन आफिसर मजालता को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। छह जुलाई सोमवार तक इसका जवाब देने के आदेश जारी किए गए हैं।
सीईओ पुरुषोत्तम दत्त शर्मा ने कहा कि विभाग को शिकायत मिली है कि जेडईओ 25 दिन तक बिना सूचित किए और छुट्टी लिए बिना लेह में रहे। इसके बाद जब वह कार्यालय में लौटे तो अनुपस्थिति की भी हाजिरी एक साथ लगा दी गई। इसके बाद चार जुलाई को एक बार फिर से बिना सूचित किए और छुट्टी लिए कार्यालय छोड़ कर चले गए हैं। इसको गंभीरता से लेते हुए ही जेडईओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जेडईओ को छह जुलाई सोमवार तक इसका कारण बताने का समय दिया गया है। अगर सोमवार तक इसका जवाब नहीं देते हैं तो मजबूरन शिक्षा विभाग को आगे की कार्रवाई करनी पड़ेगी।