महिला की तलाश के लिए अखनूर पहुंचे परिजन
संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। दरिया चिनाब में छलांग लगाने वाली महिला की तलाश वीरवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रही। अखनूर से परगवाल तक चिनाब दरिया में तलाशी अभियान चलाया गया।
वीरवार सुबह महिला के परिजन अखनूर पहुंचे और तलाश शुरू कर दी। रियासी से आए तैराकों को भी दरिया में उतारा गया। बीते बुधवार को सलाल डैम के गेट खोले जाने के बाद दरिया के जलस्तर में भी काफी बढ़ोतरी हुई है। बता दें कि तीन दिन पहले मंगलवार दोपहर को बारादरी स्थित पुल पर लोगों ने एक स्कूटी को खड़ा देखा, जिसके साथ चाबी भी लगी थी। लोगों ने इसकी सूचना पुल के पास बनी चौकी में दी। स्कूटी लेकर आने वाली महिला की पहचान शालू शर्मा पत्नी सुनीत शर्मा निवासी वार्ड आठ खुवाला मोहल्ला के रूप में हुई। वीरवार को देर शाम तक महिला की तलाश के लिए अभियान चलाया गया। सोशल मीडिया के जरिए भी महिला के फोटो को साझा किया गया है।