चिनैनी। दो दिवसीय छपड़ी मेले की तैयारियों की सोमवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने समीक्षा की। कस्बे के एसडीएम कार्यालय में एसडीएम डॉ. रणजीत सिंह कोतवाल की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें अलग-अलग विभागों के अधिकारी तथा मेला कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे।
कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि छपड़ी मेला 11 मई से शुरू हो रहा है, इसलिए दरपेश समस्याओं को जल्द से जल्द दूर किया जाए। बैठक के दौरान एसडीएम ने मेला अधिकारी के रूप में सुद्धमहादेव के नायब तहसीलदार को नियुक्त किया। अलग-अलग विभागों को भी जिम्मेदारियां सौंपी गईं। सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं, पानी, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर उचित निर्देश दिए गए। एसडीएम ने कहा कि अधिकारी सुनिश्चित बनाएं कि मेले में आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानियों का सामना ना करना पड़े। संवाद