उधमपुर। जिले में कुछ दिनों से भीषण गर्मी पड़ना शुरू हो गई है, जिससे तापमान में बढ़ोतरी हुई है। लोगों का दिन में घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। सोमवार को भी दिनभर गर्मी का प्रकोप जारी रहा। हालांकि शाम को हल्के बादल छाने से कुछ राहत मिली है।
सोमवार सुबह लगभग सात बजे तक मौसम काफी सुहावना बना हुआ था। दिन के बढ़ने के साथ ही गर्मी का असर बढ़ता गया। दोपहर को हालात यहां तक पंहुच गए कि दो मिनट के लिए भी खुले में खड़ा होना मुश्किल हो रहा था। उधर, 84 घंटे के कोरोना कर्फ्यू के चलते सोमवार को बाजार खुलने पर खरीदारी करने आए लोगों को गर्मी से काफी परेशान होना पड़ा है। बाजारों में अधिकतर लोग जगह-जगह पानी व शीतल पेय लेते नजर आए। दिन का अधिकतम तापमान 36.2 और न्यूनतम 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। उधमपुर स्थित एयरफोर्स के मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को भी दोपहर तक भीषण गर्मी को प्रकोप जारी रहेगा। वहीं, बाद में मौसम में बदलाव आने पर गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।