उधमपुर। जज्बा और मेहनत हो तो दूरी और कठिनाइयां भी रास्ता नहीं रोक पातीं। ऐसा ही संघर्ष से सफलता का सफर अदिति ने तय किया है। वह रोजाना 15 किलोमीटर पैदल चलकर घर से स्कूल तक जाती और अब स्कूल की टॉपर बन गईं।
सरकारी गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल की होनहार ने 96.4 प्रतिशत अंक हासिल कर न केवल परिवार बल्कि स्कूल का भी नाम रोशन किया। अदिति मूल रूप से रिट्टी की रहने वाली है। सीमित संसाधनों और लंबी दूरी के बावजूद उन्होंने पढ़ाई में कभी ढिलाई नहीं बरती। बिना कोचिंग के इतने अंक हासिल करना उनकी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास को दर्शाता है। अदिति साधारण और मेहनती परिवार से संबंध रखती है। परिवार में माता-पिता के अलावा उनका एक छोटा भाई है। संवाद
8वीं और 9वीं कक्षा में भी पाए थे अच्छे अंक
पिता रंजीत सिंह मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करते हैं जबकि माता नीलम शर्मा गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने हमेशा अदिति की पढ़ाई को प्राथमिकता दी और उसे हरसंभव सहयोग प्रदान किया। नीलम शर्मा ने बताया कि बेटी ने 8वीं और 9वीं कक्षा में भी अच्छे अंक प्राप्त किए थे जिससे उसका आत्मविश्वास और मजबूत हुआ। अदिति ने सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया है जिन्होंने हर कदम पर उसका मार्गदर्शन किया। उसने कहा कि माता-पिता ने हर परिस्थिति में हौसला बढ़ाया है।
बैंकिंग में करियर बनाने का लक्ष्य
वर्तमान में अदिति ने 11वीं कक्षा में कॉमर्स विषय चुना है और भविष्य में बैंकिंग क्षेत्र में करियर बनाने का लक्ष्य है। अदिति का कहना है कि सफलता पाने के लिए नियमित मेहनत और अनुशासन सबसे जरूरी है। अन्य विद्यार्थियों को संदेश दिया कि परिस्थितियां चाहे जैसी भी हों, अगर मन में कुछ कर दिखाने का जुनून हो तो हर मंजिल हासिल की जा सकती है।