उधमपुर के सरकारी स्कूल में पानी की कमी से बंद पड़ा शौचालय।
- फोटो : उधमपुर के सरकारी स्कूल में पानी की कमी से बंद पड़ा शौचालय।
उधमपुर। अब सरकारी स्कूलों में बच्चों को शौचालय के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। सरकार ने जिले के 170 सरकारी स्कूलों में शौचालय बनाने के लिए 2.24 करोड़ रुपये मंजूर कर दिए हैं।
शिक्षा विभाग ने पैसा ग्रामीण विकास विभाग को दे दिया गया है और विभाग की ओर से टेंडर प्रक्रिया को पूरा कर ठेकेदारों को स्कूलों में शौचालय बनाने का निर्माण कार्य दे दिया है। जिले में सरकारी स्कूलों में शौचालय बनाने का निर्माण कार्य शुरू करवाया गया है। जिले के सरकारी स्कूलों में बने रहे शौचालय के निर्माण कार्य को पूरा करने का लक्ष्य 31 मार्च का समय निर्धारित किया गया है।
गौरतलब है कि जिले के 1427 स्कूलों में से 60 ऐसे सरकारी स्कूल हैं, जिनमें शौचालय की व्यवस्था ही नहीं है और 110 स्कूल ऐेसे हैं, जहां पर शौचालय की कमी है। कई स्कूलों में बच्चों की संख्या अधिक होने के बावजूद एक ही शौचालय बना है। इससे विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस परियोजना में उन स्कूलों में भी शौचालय की संख्या को बढ़ाया जाएगा, जिनमें एक ही शौचालय है। परियोजना के तहत बच्चों की कम संख्या वाले स्कूलों में भी शौचालय बनाए जाएंगे। इनमें हायर सेकेंडरी व हाई स्कूल के अलावा प्राइमरी स्कूल शामिल हैं।