जालसाजों द्वारा एसबीआई के दो उपभोक्ताओं के खातों से करीब डेढ़ लाख रुपये निकाल लिए जाने का मामला प्रकाश में आया। रामबन जिले के इन मामलों की शिकायत रामबन थाने में करने के अलावा जम्मू क्राइम ब्रांच में भी की गई है।
जानकारी के अनुसार नीरा रामबन निवासी बुद्धि सिंह और चंद्रोक निवासी गुलाम मोहम्मद का कहना है कि उन्हें सोमवार को मोबाइल फोन पर एक अनजान नंबर से कॉल आई।
फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को बैंक का एक अधिकारी बताया और कहा कि उनके एटीएम कार्ड के पिन कोड को बदल दिया गया है। इसलिए पुराना पिन कोड बताए ताकि नए कोड को एक्टीवेट किया जा सके।
फोन करने वालों ने इनको पूरी तरह विश्वास में लिया, जिसके चलते उसके सांझे में आकर इन दोनों उपभोक्ताओं ने अपना पिन कोड बता दिया। अचानक जब देर शाम को इन लोगों के मोबाइल फोन पर रुपये निकाले जाने का एसएमएस अलर्ट आया।
बुद्धि सिंह के खाते से 57 हजार और गुलाम मोहम्मद के खाते से 90 हजार रुपये निकाल लिए गए। तब दोनों को धोखाधड़ी का अहसास हुआ। दोनों ने रामबन थाना में तुरंत शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। दूसरी ओर पीड़ित गुलाम मोहम्मद और बुद्धि सिंह ने बताया कि इस मामले की शिकायत क्राइम ब्रांच जम्मू में दर्ज करवाई है।
बता दें कि रामबन में इस प्रकार की पिछले साल चार घटनाएं हुई थीं और अब नए साल के पहले महीने में भी दो लोग धोखाधड़ी के शिकार हो गए। हालांकि पुलिस को इस तरह की एक और शिकायत मिलने की सूचना है, लेकिन अभी उसकी पुष्टि नहीं हुई है।