उधमपुर/पंचैरी। पंचैरी में सांकरी देव स्थान पर आयोजित होने वाले सांकरी मेले की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। शुक्रवार को मेले का शुभारंभ होगा। डीडीसी पंचैरी जसवीर सिंह व तहसील के कई अधिकारियों ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर तैयारियों को जांचा और जरूरी दिशा निर्देश जारी किए।
पिछले दिनों जिला प्रशासन ने सांकरी मेला की तैयारियों को लेकर रूपरेखा तैयार की थी। इसक बाद तैयारियां शुरू कर दी गईं। कुछ दिनों से मेला स्थल पर तेजी से तैयारियां चल रही हैं। सांकरी देव स्थान पर झूले लगाए जा रहे हैं। स्टॉल लगाने की तैयारियां चल रही हैं। मेले में सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगे। खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन होगा। मेले में आयोजित होने वाला दंगल आकर्षण केंद्र होगा। मेले का शुभारंभ डीसी सलोनी राय कर सकती हैं। स्थानीय निवासी मेले में हिस्सा लेने से पहले सांकरी देव स्थान पर माथा टेकते हैं। फिर मेले का आनंद लेते हैं। बुधवार को डीडीसी पंचैरी मौके पर पहुंचे और तैयारियों का जायजा लिया। जहां कुछ कमी नजर आई, उसको सुधारने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। अब इनको अंतिम रूप दिया जा रहा है। वीरवार शाम तक तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।