चिनैनी। शूलपाणिश्वर मंदिर सुद्धमहादेव में रुद्र दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मेले के दौरान श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए इसे बाहर रखा जाता है। हजारों श्रद्धालुओं ने मंगलवार को इसके दर्शन किए।
सुरक्षा के रहे कड़े प्रबंध
सुद्धमहादेव मेले को लेकर चिनैनी से मानतलाई तक सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। चिनैनी, बष्ट, गौरीकुंड, मानतलाई में पुलिस व सीआरपीएफ तैनात की गई थी, जबकि यातायात विभाग के कर्मी भी अपनी ड्यूटी दे रहे थे। इस दौरान कई स्थानों पर गाड़ियों की चेकिंग भी की जा रही थी। वहीं एडिशनल एसपी संदीप भट्ट ने कहा कि तीन दिवसीय मेले को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं, पुलिस सीआरपीएफ, सीआईएसएफ को तैनात किया गया है । उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि वह आए और मेले का आनंद लें ।
ज्येष्ठ पूर्णिमा पर करेंगे पवित्र स्नान
सुद्धमहादेव में मंगलवार शाम को पहुंचे ज्यादातर श्रद्धालु बुधवार को ज्येष्ठ पूर्णिमा का पवित्र स्नान करेंगे। मंगलवार को शाम के समय भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच चुके थे, जो विभिन्न जगहों पर ठहरे थे। ज्येष्ठ पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी होती है जो इस दिन पवित्र स्नान करते हैं।
हर साल श्रद्धालुओं की संख्या बढ़े, यही प्रयास रहता है
सुद्धमहादेव मेला अधिकारी पंकज सिंह ने कहा कि प्रशासन का प्रयास रहता है कि हर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी हो तथा इस बार भी श्रद्धालुओं के ठहरने, खान तथा पानी को लेकर कई जगहों पर सुविधा उपलब्ध है । उन्होंने यह भी कहा कि यातायात को लेकर भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को मेल के दौरान परेशानी ना हो । तीन दिवसीय मेले में कला केंद्र जम्मू का भी सहयोग लिया गया है जिनके द्वारा कल्चरल कार्यक्रम का आयोजन किया गया है ।