सुद्धमहादेव में पूजन-अर्चना करते संत।
- तीन दिन चलेगा मेला, पहले दिन भक्तों ने गौकरण व देविका और पाप नाशिनी बावली में पवित्र स्नान कर टेका माथा
संवाद न्यूज एजेंसी
चिनैनी। सुद्धमहादेव का तीन दिवसीय मेला मंगलवार को शुरू हो गया। मेला स्थल पर हर तरफ हर-हर महादेव की गूंज सुनाई दे रही है। ऐतिहासिक मेले का उद्घाटन विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया ने विधायक सुनील भारद्वाज, जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी, श्री अधोक्षजानंद देवतीर्थ महाराज गोवर्धनपीठ की मौजूदगी में किया।
उद्घाटन के बाद सभी ने भगवान शिव के प्राचीन मंदिर में पहुंचकर शीश नवाया। मंगलवार सुबह से ही लोगों का गौरीकुंड, सुद्धमहादेव और मानतलाई में पहुंचना शुरू हो गया था। सुबह 11 बजे तक सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर में लाइन में लगकर भोले बाबा के दर्शन के लिए अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। दोपहर दो बजे तक भीड़ और बढ़ गई। शाम करीब चार बजे मेला स्थल गुलजार होने लगा और बाजार यात्रियों से भर गए।
मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए चिनैनी से ही मीठे पानी की छबीलें व लंगर बनाकर लाए थे। जगह-जगह छबील व लंगर लगाकर लोगों की ओर से वाहन को रोक-रोक कर जल और प्रसाद बांटा जा रहा था। श्रद्धालुओं ने गौरीकुंड में पहुंचकर गौरी माता मंदिर में माथा टेका, जबकि सुद्धमहादेव में गौकरण व देविका और पाप नाशनी बावली में पवित्र स्नान कर भगवान शिव के मंदिर में माथा टेका।
भक्तों ने मानतलाई के कुंड में स्नान किया। लंगर का प्रसाद चखने के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। मेला स्थल पर मंगलवार को बच्चों व युवाओं ने पारंपरिक झूलों का मजा भी लिया। बाद में सांस्कृतिक कार्यक्रम में पहुंचकर डोगरी प्रोग्राम का लुत्फ उठाया। सुद्धमहादेव के चौगान व हायर सेकेंडरी स्कूल के निकट झूले लगाए गए थे, जबकि हायर सेकेंडरी स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।