उधमपुर। रोजगार विभाग कार्यालय ओमाड़ा मोड़ में सोमवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न हिस्सों से 250 के करीब युवाओं ने हिस्सा लिया। इनमें इसमें दसवीं पास से लेकर स्नातक, बीटेक और विभिन्न डिप्लोमा धारक शामिल थे। आठ कंपनियों ने हिस्सा लेकर साक्षात्कार के बाद 200 युवाओं को शार्ट लिस्ट किया है।
युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए सरकार की तरफ से प्रयास जारी है। अब रोजगार विभाग निजी कंपनियों के सहयोग से अवसर प्रदान कर रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को रोजगार विभाग के कार्यालय में मेला लगाया गया। सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक चले मेले में आठ कंपनियों ने हिस्सा लेकर साक्षात्कार लिए। साक्षात्कार के लिए युवाओं में काफी उत्साह देखा गया और करीब नौ बजे से ही उनका पहुंचना शुरू हो गया था। मेले में 11 निजी कंपनियों को चिह्नित किया गया था, लेकिन साक्षात्कार लेने के लिए सिर्फ आठ ही पहुंची थीं। प्रक्रिया में 200 युवाओं को शार्ट लिस्ट किया गया है। कंपनियां अंतिम चयन बाद में करेंगी। कुछ युवाओं को प्रशिक्षण के बाद नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
कोट
शाम तक चले रोजगार मेले में करीब 250 युवाओं ने हिस्सा लेकर साक्षात्कार दिए। यह प्रक्रिया शाम तक चलती रही। कंपनियों ने साक्षात्कार के बाद 200 युवाओं को शार्ट लिस्ट किया है। जिन कपंनियों ने इसमें हिस्सा नहीं लिया है। उन्होंने फिर किसी दिन युवाओं के साक्षात्कार लेने का आश्वासन दिया है।
- अंशुमन सिंह, डिप्टी डायरेक्टर, इंप्लाइमेंट ऑफिसर उधमपुर