उधमपुर। दो करोड़ रुपये की लागत से शहर की बदहाल हो चुकी सड़कों की दशा सुधरने जा रही है। विभाग ने एक दर्जन सड़कों की मरम्मत और तारकोल बिछाने का कार्य शुरू करवा दिया है। इससे वर्षों से परेशान लोगों को
राहत मिलेगी।
गौरतलब है कि पिछले पांच सालों से शहर की मुख्य सड़कों के अलावा वार्डों की ओर जाने वाली मुख्य सड़कें व गलियों की खस्ताहाल के चलते लोग काफी परेशान थे।
इतना ही नहीं शहर की कई मुख्य सड़कें पिछले काफी लंबे समय से बदहाल होने के कारण आने जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। वहीं, विभाग की ओर से शहर की सड़कों की दशा को सुधारने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। इतना ही नहीं शहर के मुख्य बाजारों में कोर्ट रोड, मुखर्जी बाजार, रामनगर चौक से सैला तालाब, आदर्श कॉलोनी, गैंडा तालाब, बिल्लन बावली, सति अन्य कई सड़कों पर तारकोल बिछाने का काम शुरू किया गया है।
शहर के वार्डों की गलियों हुईं खस्ताहाल
गौरतलब है कि सीवरेज विभाग की ओर से सीवरेज की पाइप लाइन बिछाने के चलते शहर के 21 वार्डों की कई गलियों को क्षतिग्रस्त किया गया था। इसके चलते पिछले 5 साल से कई गलियों की दशा दयनीय बनी हुई थी। मगर लोक निर्माण विभाग से गलियों की मरम्मत का कार्य करने के साथ ही तारकोल बिछाने का कार्य शुरू किया है। इसके चलते लोगों ने राहत की सांस ली है।
विभाग की ओर से गलियों व सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू होने से उन्हें आ रही परेशानी से निजात मिलेगी। पिछले कई सालों से शहर के हर एक वार्ड में गलियों की दशा दयनीय बनी हुई थी। इसके चलते आने जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
विशाल खजूरिया
शहर की मुख्य सड़कों व बाजारों की सड़कों की दशा दयनीय बनी हुई थी। आने जाने वाले लोगों के साथ-साथ दुकानदार भी परेशान थे। उन्होंने कहा कि सीवरेज विभाग की ओर से पाइप लाइन बिछाने के लिए की गई खोदाई के बाद पाइप लाइन बिछाकर उस सड़क को बिना मरम्मत किए ही छोड़ दिया था। इस कारण बारिश के दिनाें में आने जाने वाले लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ था।
राहुल मगोत्रा
शहर के सभी वार्ड की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग खस्ताहाल हो चुके थे। सीवरेज विभाग की ओर से कई वार्डों में डाली गई पाइप लाइन के बाद मरम्मत का कार्य किया था। मगर कई वार्डों में पाइप लाइन बिछाकर ऐसे ही छोड़ दिया गया था। मगर अब उन्हें इस बात की खुशी है कि उन गलियाें व सड़कों की मरम्मत के साथ ही तारकोल भी बिछाया जा रहा है।
अकिंत शर्मा
विभाग के शहर की मुख्य सड़कों व गलियों की दशा को सुधारने के निर्माण कार्य का हम स्वागत करते हैं। पिछले 5 साल से लोग परेशानी से जूझ रहे थे। इतना ही नहीं कई गलियों में तो 10 साल बाद तारकोल बिछाई जा रही है।
सुनील गुड्डा
शहर की विभिन्न सड़कों पर तारकोल व मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है। पहले फेज में अगर कोई सड़क रह भी जाती है तो उसे दूसरे चरण में पूरा कर दिया जाएगा।
रोहित गुप्ता, एईई लोक निर्माण विभाग