उधमपुर स्थित बरोटा के लाड़ खास में तारकोल बिछाने का काम शुरू करवाते अधिकारी। संवाद
- फोटो : udhampur
- 72 लाख की लागत से 6 किलोमीटर सड़क में होगा सुधार
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। पंचायत लाड़ मानी में पीएमजीएसवाई विभाग की ओर से बरोटा से लाड़ खास जाने वाली 6 किलोमीटर सड़क पर 72 लाख रुपये की लागत से तारकोल बिछाने का कार्य शुरू करवाया गया।
गौरतलब है कि सड़क के बनने से करीब 6 हजार की आबादी को लाभ मिलेगा। इस बारे में पूर्व सरपंच मदन लाल का कहना था कि पिछले पांच साल से सड़क की दयनीय दशा के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। कई बार प्रशासन व संबंधित विभाग से गुहार लगाने के बाद सड़क पर तारकोल बिछाने का कार्य शुरू हो पाया है। इसके चलते क्षेत्र के लोगों में खुशी है।
उन्होंने बताया कि सड़क की खस्ताहाल के चलते वाहन चालकों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने बताया कि इस सड़क के बनने से तकरीबन तीन पंचायतों को लाभ मिलेगा। सड़क की दयनीय दशा व बीच में बने गड्ढ़ों की वजह से वाहन चालक भी क्षेत्र में आने से कतराते थे। इसके चलते लोगों को पैदल ही 6 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ रहा था। सड़क बनने से लोगों को पैदल चलने से भी छुटकारा मिलेगा।
विभाग की ओर से सड़क पर तारकोल का काम बहुत पहले कर दिया जाना था। मगर बीच में लोकसभा व विधानसभा चुनाव आने के कारण इसे देरी से शुरू किया गया है। दो-तीन दिन के अंदर सड़क पर तारकोल बिछाने के कार्य को पूरा कर दिया जाएगा।
यशपाल, एक्सईएन पीएमजीएसवाई विभाग
रिपोर्ट, परवेज खान