- 29 लाख रुपये किए जाएंगे खर्च, टेंडर जारी, जल्द शुरू होगा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। मौंगरी तहसील के अंतर्गत 29 लाख की लागत से सड़कों की मरम्मत का काम पूरा किया जाएगा। ये सड़कें अगस्त और सितंबर में हुई भारी बारिश के दौरान बाढ़ और भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हुई थीं।
प्रशासन की तरफ से अस्थायी बहाली का काम तत्काल पूरा कर आवाजाही के लिए सिंगल लेन को बहाल कर दिया था लेकिन मलबा हटाने और डंगों की मरम्मत का कार्य पूरा नहीं हो पाया था। इस कारण हादसे का जोखिम बना हुआ था। अब यूटी कैपेक्स के तहत बहाली कार्य के लिए आवश्यक टेंडर जारी कर दिए गए हैं। कुछ सप्ताह में जमीनी स्तर पर काम शुरू कर दिया जाएगा।
बहाली कार्य में मलबे को हटाने के साथ भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हुई डंगे (रिटेनिंग वॉल) की मरम्मत की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से सड़क नुकसान को रोका जा सके।
मौंगरी से अज्जल फेज-2 के लिए छह लाख), मेन रोड से एचएसएस तक दो लाख, मौंगरी से अज्जल तक छह लाख, शिव पार्वती रोड के लिए तीन लाख, लाली दब्बड़ से टोटे फेज-1 तक छह लाख), दमनोत से चामुंडा माता सड़क के लिए दो लाख) और पीएमजीएसवाई की मुख्य सड़क से शीतला माता मंदिर तक चार लाख खर्च होंगे।
पांच महीने के बाद मिलेगी राहत
स्थानीय संजय शर्मा, सुरेश ठाकुर, सुकेश शर्मा, नरिंदर सिंह, अजीत कुमार व अन्य ने प्रशासन की पहल का स्वागत करते हुए बड़ी राहत बताया। उनका कहना था कि प्राकृतिक आपदा के बाद मलबे को हटाकर गाड़ियों के गुजरने का रास्ता तो बना दिया था लेकिन मलबे को पूरी तरह से हटाने का काम नहीं हुआ। इस कारण लगभग पांच महीनों से क्षतिग्रस्त डंगे सुचारू व सुरक्षित आवागमन में खतरा बने थे।
यूटी कैपेक्स के तहत मौंगरी के अंतर्गत सड़कों की स्थायी बहाली के कार्याें को लेकर टेंडर जारी कर दिए गए हैं। प्रक्रिया पूरी होने पर जल्द ही आगे का काम पूरा किया जाएगा।
-
सुनील थुसु, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग।