संवाद न्यूज एजेंसी
किश्तवाड़। जिले में बड़ा हादसा होने से टल गया। जम्मू से मंगलवार रात्रि रवाना हुआ ट्रक बुधवार सुबह किश्तवाड़ से लगभग नौ किलोमीटर दूर शालीमार मार्ग पर पहुंचते ही अनियंत्रित हो गया। ट्रक सीधे सड़क किनारे सुरक्षा रेलिंग से टकरा गया, जिससे वाहन गहरी खाई में गिरने से बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद ट्रक खतरनाक स्थिति में लटक गया।
ट्रक में सरिया भरा था, जो किश्तवाड़ ले जाया जा रहा था। हादसे के बाद मौके पर लोग एकत्रित हो गए। ट्रैफिक पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। ट्रक को सुरक्षित तरीके से सड़क से हटाने के लिए क्रेन व अन्य संसाधन मंगवाए गए। खबर लिखे जाने तक ट्रक हटाया नहीं गया था। गनीमत रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, हालांकि कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।