उधमपुर। जिले में तारकोल बिछाने का काम चल रहा है, लेकिन हाउसिंग कॉलोनी में बीते वीरवार को एक दिन पहले ही डाला तारकोल उखड़ गया। लोगों के विरोध पर अब विभाग ने उस सड़क को दुरुस्त कर दिया है। उधर पीडब्ल्यू के एईई रोहित गुप्ता ने बताया कि रात को एक ट्रैक्टर चालक ने तारकोल उखाड़ दिया था। अब सर्दी के मौसम के कारण काम को बीच में रोका जा सकता है।
पिछले एक दशक से मरम्मत न होने और सीवरेज निर्माण कार्य के कारण शहर की सड़कें खस्ताहाल हो चुकीं थी। उन्हें दुरुस्त करने के लिए एक सप्ताह से लोक निर्माण विभाग की ओर से जगह-जगह तारकोल बिछाने का काम किया जा रहा है। कई स्थानों से तारकोल उखड़ने और जगह-जगह बजरी फैलने की वजह से उत्पन्न हो रही अव्यवस्था को लेकर शहरवासियों ने रोष व्यक्त किया था। हालांकि जनता के रोष पर विभाग ने सभी प्रभावित सड़कों पर फिर से तारकोल बिछाकर और साफ सफाई से समस्या को दूर कर दिया लेकिन अब सर्दी के मौसम के कारण कार्य को बीच में रोकना पड़ सकता है। इससे कई सड़कों को दुरुस्त करने का काम अधर में लटक जाएगा। इससे अगले साल मार्च में मौसम साफ होने पर ही काम शुरू हो पाएगा। इसकी वजह से शहर के कुछ इलाकों में खस्ताहाल सड़कों की समस्या बरकरार रह सकती है।
सर्दियों में नमी बढ़ने से तारकोल नहीं हो पाता सेट
विशेषज्ञों की मानें तो तारकोल बिछाने का सही समय गर्मियों या सिर्फ साफ मौसम में होता है। बारिश के दौरान तारकोल जमीन पर अपनी सही पकड़ नहीं बना पाता और सर्दियों के दिनों में बारिश या फिर कोहरे और ओस की वजह से नमी बढ़ने से तारकोल को सेट होने में काफी समय लगता है। ऐसे में यातायात के सुचारु रहने से बिछाया गया तारकोल सतह छोड़ सकता है और पूरी तरह से बिखर सकता है। मौजूदा समय में भी बारिश के आसार बन रहे हैं और रात व सुबह के समय कोहरे या ओस की वजह से नमी काफी बढ़ती जा रही है। इसकी वजह से विभाग को एहतियातन तारकोल का काम रोकना पड़ सकता है। इसको लेकर विधायक ने भी विभाग को काम मार्च में शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
शहर और आसपास कुछ इलाके रह जाएंगे वंचित
विभाग की ओर से अब तक शहर की अधिकतर मुख्य सड़कों पर तारकोल बिछा दिया गया है। इनमें जेल रोड, आदर्श काॅलोनी, हाउसिंग काॅलोनी, गोल मार्केट, कल्लर, एलआईसी ऑफिस रोड, एसएसपी आफिस लेन जैसे इलाके शामिल हैं। हाउसिंग काॅलोनी के कुछ एरिया, पोस्ट ऑफिस रोड, वीआईपी रोड और गंडाला आदि पर तारकोल बिछाने का काम अभी बाकी है। विभाग की मानें तो तारकोल बिछाने का लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शहर की कुछ सड़कों और सटे हुए इलाकों में तारकोल का काम होना बाकी है।
बिगड़ते मौसम के कारण रुक सकता है काम
इस बारे में विभाग के एईई रोहित गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार को भी शहर के कुछ हिस्से में तारकोल बिछाने का काम किया गया है। जिस तरह से मौसम बदल रहा है और बारिश होती है तो काम को बीच में बंद करना पड़ सकता है। इसके चलते बचे हुए इलाकों में मार्च में प्राथमिकता के आधार पर काम को पूरा कर दिया जाएगा।
फोटो सहित