जुगधार में अवैध कब्जे के विरोध में मंगलवार को विभिन्न पंचायतों के लोगों ने प्रदर्शन करते हुए एक घंटे तक मार्ग बंद रखा। इस दौरान यातायात बाधित रहा। इस दौरान करीब एक साल पहले शरारती तत्वों द्वारा मूर्ति चोरी और मूर्ति तोड़ने की घटना पर भी कोई कार्रवाई नहीं होने पर भी रोष जताया गया।
जुगधार के लोग चिनैनी पहुंच कर मैन चौक को करीब एक घंटे तक बंद कर दिया और कहा कि यदि एक सप्ताह में मामला हल नहीं हुआ तो उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर सरपंच बलदेव सिंह, गिरधारी लाल, देस राज, गंधर्व सिंह, रोमेश कुमार, राधा कृष्ण ने कहा कि जुगधार में जुग देवता का प्राचीन मंदिर है।
हजारों लोगों की आस्था जुग से जुड़ी हुई है, लेकिन जुगधार में कुछ लोगों अवैध कब्जा कर रहे हैं, जिसके लिए प्रशासन को अवगत करवाया जा चुका है। बावजूद इसके अभी तक अवैध कब्जे नहीं हटाए गए।
उन्होंने बताया कि जुगधार में जुग बाबा के मंदिर में माथा टेकने के लिए पंचायत चढ़त, सत्यालता, सयुना, टंडार, नगुलता, धनास, घाड़ियां और अन्य पंचायतों के लोग पहुंचते हैं। ऐसे में वहां पर अवैध कब्जा होने पर लोगों को कई दिक्कतें होती हैं। जल्द से जल्द वहां से अवैध कब्जे हटाएं जाएं।
उनका यह भी कहना था कि एक साल पहले बाबा जुग में कुछ शरारती तत्वों ने मूर्ति चोरी और उसके बाद मूर्ति तोड़ी थी जिस पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई और यदि मामला एक सप्ताह में हल नहीं हुआ तो लोगों को मजबूरन उग्र प्रदर्शन करना पड़ेगा। मार्ग बंद की सूचना जब नायब तहसीलदार रफीक अहमद को मिली तो वह मौके पर पहुंचे और उन्होंने लोगों को आश्वासन देकर रास्ता खुलवाया।