पौनी। पंचायत माड़ी से मता जाने वाली सड़क पर बीच रास्ते जेसीबी खड़ी होने से घंटों आवाजाही ठप रही, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। मता निवासी दलीप सिंह और मुन्ना देवी ने बताया कि मोहल्ले में शादी का शगुन लेकर जाने के लिए मेटाडोर बुलाई गई थी लेकिन रास्ता बंद होने के कारण मिनी बस काफी देर तक नहीं पहुंच सकी।
मौके पर मौजूद लोगों के कड़े विरोध के बाद पुलिस टीम ने हस्तक्षेप किया और जेसीबी को हटवाकर मार्ग बहाल कराया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मार्ग पर निर्माण कार्य कई वर्षों से चल रहा है जिससे आए दिन आवाजाही में बाधा आती है। रास्ता खुलने के बाद शगुन के साथ लोग गंतव्य की ओर रवाना हो सके।