उधमपुर: नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रक.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को भी वाहनों की आवाजाही एकतरफा रही। दिन भर जम्मू से श्रीनगर की तरफ वाहन चलते रहे। मौसम खराब होने के बाद दोपहर को ट्रकों के घाटी जाने पर प्रतिबंध लगा दिया। केवल छोटे वाहनों को ही घाटी की तरफ जाने की अनुमति मिली।
करीब 10 दिनों से राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही एकतरफा रखी जा रही है। वीरवार को सैकड़ों वाहन श्रीनगर से जम्मू की तरफ रवाना किया गया था। शुक्रवार सुबह पुलिस ने यात्री वाहनों के साथ ट्रकों को जम्मू से श्रीनगर की तरफ रवाना किया। वाहन चल ही रहे थे कि दोपहर के समय रामबन में मौसम खराब हो गया, और बारिश शुरू हो गई।
बारिश शुरू होने के बाद ट्रकों के घाटी जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया। इसके बाद पुलिस ने ट्रकों को उधमपुर में रोकना शुरू कर दिया। शाम तक सैकड़ों ट्रकों को उधमपुर के विभिन्न स्थानों पर रोक दिया गया था। ट्रैफिक पुलिस की तरफ से जारी सूचना के अनुसार शनिवार को अगर मौसम साफ रहता है तो श्रीनगर से जम्मू के लिए वाहन रवाना किए जाएंगे। लोगों को यात्रा करने से पहले राजमार्ग के बारे में जानकारी हासिल कर लेनी चाहिए।