उधमपुर। ई रिक्शा चालकों को शहर में जल्द स्टैंड की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके लिए प्रशासन की तरफ से गठित चार सदस्यीय कमेटी ने वीरवार को शहर का दौरा कर स्टैंड का जायजा लिया।
टीम सदस्यों में तहसीलदार जय सिंह, एआरटीओ जुगल किशोर डीएसपी ट्रैफिक और नगर परिषद के सीईओ राजिंदर ढींगरा मुख्य रूप से शामिल हैं। टीम ने वीरवार को शहर के जखैनी चौक से लेकर सैलां तालाब तक विभिन्न हिस्सों का दौरा किया और पता लगाया कि कहां-कहां ई रिक्शा के लिए स्टैंड की व्यवस्था की जा सकती है। इस दौरान टीम ने शहर में मौजूद ऑटो स्टैंड पर चालकों से भी बातचीत की और इन पर भी कुछ ई-रिक्शा को लगाने की योजना बनाई।
तहसीलदार जय सिंह ने बताया कि जिला विकास आयुक्त सलोनी राय की तरफ से ई रिक्शा चालकों को पेश आ रही स्टैंड मिलने की समस्या को दूर करने के लिए एक कमेटी गठित की गई है, जो यह पता लगा रही है कि शहर में कहां-कहां ई रिक्शा के लिए स्टैंड की व्यवस्था की जा सकती है। उन्होंने कहा कि आज हमने इसी बात का जायजा लेने के लिए शहर का दौरा किया है। टीम के सदस्यों ने कहा कि शहर में जहां-जहां भी पहले से ऑटो स्टैंड मौजूद हैं, वहां भी थोड़े-थोड़े ई रिक्शा को एडजस्ट किया जाएगा। इनके लिए स्टैंड की व्यवस्था के लिए कल तक पूरी योजना तैयार कर ली जाएगी ताकि ई रिक्शा चालकों की परेशानी दूर हो सके।