उधमपुर। देविका परियोजना के सीवरेज पाइप लाइन बिछाने के कार्य के चलते तहसीलदार ने मंगलवार को आदेश जारी कर शाम सात से सुबह छह बजे तक कोर्ट रोड पर सलाथिया चौक से रामनगर तक और बस अड्डे पर वाहनों के आवाजाही करने पर पाबंदी दी है। इस दौरान बसों को नए बस अड्डे में पार्क करने का आदेश जारी किया गया है।
गौरतलब है कि करीब डेढ़ महीने से कोर्ट रोड और बस अड्डा पर सीवरेज पाइप लाइन बिछाने का काम चल रहा है। यूईईडी ने सीवरेज पाइप लाइन तो बिछा दी है, लेकिन अभी तक कोर्ट रोड और बस अड्डा की मरम्मत नहीं हो पाई है। इसका एक कारण बाजार में पाबंदियां हटना भी है। बाजार खुलने के बाद यूईईडी के लिए काम करना बहुत मुश्किल हो जाता है और इससे दुकानदारों और शहरवासियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इसी को लेकर तहसीलदार ने काम करने के लिए शाम का समय निर्धारित किया गया है। शाम के सात बजते ही जब बाजार बंद हो जाएगा तो यूईईडी मार्ग व बस अड्डा के मरम्मत का कार्य शुरू कर देगा। इनको काम करने के लिए 22 से 28 जून तक सात दिन का समय दिया गया है। शाम सात बजे के बाद बस अड्डा की तरफ जाने वाली बसें यात्रियों को पुलिस स्टेशन के बाहर उतारने के बाद न्यू बस अड्डा पर खड़ी होंगी। पुलिस को इस आदेश को अमल में लाने के लिए दिशा निर्देश दिए हैं। साथ ही यूईईडी सात दिन के अंदर मरम्मत का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।