कटड़ा। कटड़ा में बिजली बिलों के भुगतान की समय सीमा बढ़ाने के साथ ही बन टोल प्लाजा में निजी वाहनों के पास का नवीनीकरण किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। यह मांग स्थानीय लोगों ने ब्लॉक दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में एसडीएम के समक्ष उठाई। अधिकारी ने समस्या को उच्च अधिकारियों के समक्ष लाने का आश्वासन दिया है।
बुधवार को साप्ताहिक ब्लॉक दिवस पर हुए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें एसडीएम अशोक चौधरी मुख्य रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने मुख्य रूप से बिजली बिल के भुगतान की समय सीमा बढ़ाने और बन टोल प्लाजा की समस्या को उजागर किया। उन्होंने बताया कि बन टोल प्लाजा में निजी वाहनों के पास का नवीनीकरण नहीं हो रहा है, जिस कारण उन्हें अतिरिक्त पैसा देना पड़ रहा है, जोकि गलत है। पंच एवं सामाजिक कार्यकर्ता सोहन सिंह ठाकुर ने बताया कि कुछ समय से बन टोल प्लाजा के ठेकेदार ने मासिक पास कर नवीकरण करना बंद कर दिया गया है। इससे स्थानीय लोगों में काफी रोष है। वहीं, उन्होंने चेतावनी दी है कि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो लोग सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर हो जाएंगे। एसडीएम ने उच्चाधिकारियों को समस्या अवगत करवा कर जल्द समाधान करवाने का आश्वासन दिया है। इसके अलावा अन्य समस्याओं के निदान के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशानिर्देश दिए हैं।