उधमपुर। प्रशासन की ओर से शहर के वार्ड नंबर 21 में मंगलवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। जिला आयुक्त सलोनी रॉय की देखरेख में यह अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) राजेंद्र ढींगरा व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।
बता दें कि जिला आयुक्त की ओर से वार्ड का दौरा करने और राजस्व रिकॉर्ड की जांच करने के लिए राजस्व टीम का गठन किया गया था। जिसके चलते टीम ने वार्ड में अतिक्रमण की जांच की और 18 चिन्हित अतिक्रमणकारियों को राज्य की भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई चारदीवारी को खुद से हटाने के लिए पर्याप्त समय दिया। हालांकि अतिक्रमण करने वालों को प्रशासन की ओर से कई बार नोटिस और उचित समय सीमा देने के बावजूद इसका पालन नहीं किया गया। अतिक्रमणकारी टालमटोल की रणनीति अपना रहे थे।
मंगलवार को प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जेसीबी की मदद से चारदीवारी को गिरा दिया। प्रशासन ने राज्य की भूमि को अवैध अतिक्रमण से मुक्त करवाने को लेकर टीम को सक्रिय किया है।