किश्तवाड़। अब जिले के शिक्षित युवाओं को परेशान होने और दर-दर भटकने की जरूरत नहीं है। बस एक क्लिक पर नौकरी की जानकारी मिल जाएगी। डिजिटल इंडिया की पहल के तहत जिला प्रशासन ने किश्तवाड़ के युवाओं के लिए एक प्लेटफार्म मुहैया करवाने का प्रयास किया है। यह कौशल पहचान एप है, जिसे डाउनलोड करने की अपील की गई है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को डीसी अशोक कुमार शर्मा ने मोबाइल आधारित कौशल पहचान एप लांच किया है। इस दौरान उन्होंने बताया कि कौशल पहचान एक गतिशील डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो शिक्षित बेरोजगार युवाओं की कौशल मैपिंग में जिला प्रशासन को सक्षम बनाएगा। युवा इस एप को गूगल पले स्टोर से डाउनलोड कर अपनी शैक्षणिक योग्यता, कौशल आधार और खुद को पंजीकृत कर सकते हैं। जनरेट किया गया डेटा बेस जिले में पनबिजली बिजली परियोजनाओं में कौशल विशिष्ट रोजगार प्रदान करने, क्षमता निर्माण द्वारा कौशल आधार में सुधार करने और नौकरी चाहने वालों को विभिन्न नौकरी प्रदाताओं के साथ जोड़ने में सहायक होगा।
यह एप गूगल पले स्टोर पर उपलब्ध है और इसका लिंक जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट किश्तवाड़ डॉट इन पर भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने जिला किश्तवाड़ के सभी गैर-कार्यरत शिक्षित युवाओं से अपील की है कि वे इस एप को डाउनलोड करें और खुद को पंजीकृत करवाएं, ताकि कौशल मैपिंग से छूटे नहीं। यह मोबाइल ऐप गतिशील है और डेटा बेस को नियमित रूप से देश भर के नौकरी प्रदाताओं और कौशल विकास संस्थानों के साथ अपडेट और लिंक किया जाएगा। उन्होंने इस एप के सुधार के लिए सभी से सुझाव और समीक्षा भी मांगी।
इस मौके पर एडीसी मोहम्मद हनीफ मलिक, मोहमद इकबाल, एसडीएम छात्रू इंद्रजीत सिंह परिहार, एसीडी किशोर सिंह, एएलसी अनूप कुमार, समाज कल्याम विभाग अधिकारी काजी तारिक परवेज, डीआईओ एनआईसी पंकज कश्यप आदि उपस्थित रहे।