रियासी। पीएम श्री राजकीय हाई स्कूल विड्डा में वीरवार को रक्षाबंधन का पर्व देशभक्ति और भाईचारे की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर 126वीं बटालियन सीआरपीएफ के जवानों को विद्यालय में आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य के द्वारा स्वागत भाषण के साथ किया गया।
अपने संबोधन में उन्होंने रक्षाबंधन के सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए सैनिकों की निस्वार्थ सेवा और बलिदान के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय की छात्राओं ने पारंपरिक विधि से तिलक, आरती व राखी बांध कर जवानों का सम्मान किया।
राखी बांधते समय छात्राओं की आंखों में गर्व और भावुकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। सैनिकों ने भी छात्राओं को आशीर्वाद एवं रक्षा का वचन दिया, जिससे माहौल और भी आत्मीय हो गया। हुए एक कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति के गीत, नृत्य, और भावनात्मक भाषण प्रस्तुत किए, जिस से पूरा वातावरण देशप्रेम और सम्मान की भावना से ओतप्रोत हो गया। जवानों ने स्वयं बच्चों को मिठाई वितरित की जिससे बच्चों के चेहरों पर विशेष उत्साह और उल्लास दिखा।