उधमपुर/रामनगर। मवेशी तस्करी के बढ़ते मामलों के विरोध में हिंदू जागरण मंच के आह्वान पर मंगलवार को रामनगर कस्बा बंद रहा। इस दौरान कस्बावासियों ने रामनगर-उधमपुर मार्ग जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। वहीं, मवेशी तस्करों पर नकेल कसने के लिए पीएसए लगाने और जान जोखिम में डाल कर तस्करी के प्रयास को विफल करने वाले रौन दौमेल चौकी के निलंबित किए गए जांबाज पुलिस कर्मियों को बहाल करने की मांग उठाई है।
इस दौरान लोगों ने रोष जताते हुए बताया कि दुख की बात है कि जिन जांबाज पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया जाना चाहिए था उन्हें निलंबित किया गया है। प्रदर्शन में मुख्य रूप से शामिल रहे हिंदू जागरण मंच के जिला प्रधान रोहित सेठी ने कहा कि उधमपुर सहित रामनगर व रौन दोमेल से मवेशी तस्करी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिस पर लगाम लगाने में पुलिस प्रशासन विफल साबित हो रहा है। वहीं, अगर कोई मवेशी तस्करी के खिलाफ आवाज उठाता है तो उसे दबाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने पुलिस पर मवेशी तस्करी को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। अगर ऐसा नहीं होता तो गत दिनों रौन दोमेल चौकी के जिन जांबाज पुलिस कर्मियों ने जान की बाजी लगा कर मवेशी तस्करी के बडे़ प्रयास को विफल किया था, उन्हें पुलिस निलंबित नहीं करती।
हिंदू जागरण मंच रामनगर के अध्यक्ष ने कहा कि रामनगर में मवेशी तस्करी के बढ़ते मामलों को लेकर आठ माह से आवाज उठाई जा रही है। हिंदू जागरण मंच के स्वयंसेवक पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रहे हैं। लेकिन पुलिस और प्रशासन के सुस्त रवैये के कारण अभी भी मवेशी तस्करों के हौसले बुलंद हैं। इससे क्षेत्रवासियों में भी काफी रोष व्याप्त हो गया है। उनकी मांग है कि जल्द संस्पेंड किए गए जांबाज पुलिस कर्मियों को बहाल कर सम्मानित किया जाए।