रामनगर। वार्ड-12 में दो वर्षों से खस्ताहाल पड़ी गली की मरम्मत का कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग ने पांच लाख बीस हजार रुपये की स्वीकृत राशि से टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य आरंभ करवा दिया है। गली की दयनीय स्थिति के कारण लोगों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
गली में जगह-जगह गड्ढे पड़ चुके थे और बीच में बनी नाली के ऊपर लगे कई जंगले टूट चुके थे, जिससे हादसे का खतरा बना रहता था। बरसात में स्थिति और भी दयनीय हो जाती थी। वार्डवासियों ने नगर पालिका को कई बार समस्या से अवगत करवाया लेकिन आश्वासन के अलावा ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद लोगों ने विधायक डॉ. सुनील भारद्वाज के समक्ष समस्या रखी। विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 5.20 लाख रुपये की राशि उपलब्ध करवाई।
मोहिंदर कुमार, मोहन सिंह, ईश्वर सिंह, प्रीतो देवी और चंचला देवी ने बताया कि मरम्मत न होने से राहगीरों तथा वार्डवासियों को रोजाना आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब कार्य शुरू होने से राहत की उम्मीद जगी है।
वार्डवासियों ने राशि स्वीकृत करवाने और कार्य शुरू करवाने पर विधायक, लोक निर्माण विभाग और नगर पालिका का आभार प्रकट किया है।
निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा कर लिया जाएगा ताकि लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके।
-शम्मी गुप्ता, एईई, लोक निर्माण विभाग