संवाद न्यूज एजेंसी
रामनगर। भारी बारिश की वजह से कई ग्रामीण क्षेत्रों में यात्री वाहनों का संपर्क टूट जाने से मुख्य बाजार में आने वाले लोगों की रौनक गायब हो गई है। दुकानदारों का कारोबार ठप पड़ा हुआ है। दुकानदारों ने प्रशासन से मार्गों पर यातायात बहाल करने की मांग उठाई है।
रामनगर वार्ड नंबर तीन के पूर्व पार्षद समाज सेवक संजीव जंडियाल, दुकानदार सतपाल शर्मा, गणेश दास, कुशल कुमार, विकास गुप्ता व अन्य दुकानदारों ने बताया लगभग पिछले 15 दिनों से बाजारों में दुकानदारों का कार्य ठप पड़ा हुआ है। इन बरसात के दिनों हुई दिन रात तेजदार बारिश की वजह से कई ग्रामीण इलाकों की तरफ जाने वाली सड़कें टूट गई हैं। मार्ग के बीचो-बीच मोटी दरारें पड़ गई हैं।
कई ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों पर भारी भूस्खलन होने से ग्रामीणों की ओर जाने वाली यात्री वाहनों का संपर्क भी टूट गया है। इस कारण सभी व्यापारी कारोबार में आई मंदी से मायूस हैं। दुकानदारों ने बताया पिछले 15 दिन से कारोबार ठप पड़ा हुआ है। वहीं लोक निर्माण विभाग तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना विभाग की ओर से मार्ग खोलने के प्रयास जारी हैं।
व्यापारियों ने संबंधित विभाग से मांग की कि सभी मार्गों पर कार्य तेज गति से करवाया जाए ताकि व्यापारियों का काम-धंधा दोबारा शुरू हो सके।