रामनगर। भगवान नृसिंह जन्मोत्सव पर इस वर्ष भव्य शोभायात्रा नहीं निकाली जाएगी। नृसिंह मंदिर विकास कमेटी के अध्यक्ष विनोद खजुरिया ने बुधवार दोपहर आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि कघोट बस सड़क हादसे में 22 लोगों की मौत के चलते यह निर्णय लिया गया है।
हर वर्ष भगवान नृसिंह अवतार के अवसर पर ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाती थी जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते थे। इस बार शोक की स्थिति को देखते हुए बड़े आयोजन को स्थगित कर दिया गया है। हालांकि मंदिर परिसर में सभी धार्मिक कार्यक्रम विधि विधान से होंगे। सुबह 8:30 बजे हवन की शुरुआत होगी जो 11 बजे पूर्णाहुति के साथ संपन्न होगा।
शाम 7 बजे भगवान नृसिंह की विशेष पूजा और आरती की जाएगी। रात आठ से 10:30 बजे तक सत्संग होगा।
धार्मिक कार्यक्रम में उधमपुर के विद्वान शास्त्री पवन सेठ विशेष रूप से श्रद्धालुओं को प्रवचन देंगे। कमेटी ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक संख्या में मंदिर पहुंचकर भगवान नृसिंह का आशीर्वाद प्राप्त करें और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करें। यहां नृसिंह देव मेडिकल साइंस के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार महाजन, मदन लाल पंडित सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।