रामनगर। तहसील लाटी की पंचायत डूडू के मोड़ा लापा गांव में हुए हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। आसमानी बिजली गिरने से 17 वर्षीय पुष्पा देवी की मौत हो गई थी। शनिवार को गमगीन माहौल के बीच ग्रामीणों ने नम आंखों से किशोरी को अंतिम विदाई दी। दोपहर करीब एक बजे मोड़ा लापा स्थित श्मशानघाट में संस्कार किया गया। इस दौरान नायब तहसीलदार कुलदीप राज भी मौजूद रहे।
राजेंद्र कुमार की बेटी पुष्पा देवी पहाड़ों पर भेड़ें चराने गई थी। दोपहर लगभग एक बजे अचानक मौसम खराब हो गया और गर्जना के साथ आसमानी बिजली गिर गई। हादसे में किशोरी और उसकी 20 भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं देवी दत्त गंभीर रूप से घायल हो गया। पूर्व सरपंच हंसराज ठाकुर ने सरकार से परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मृतक के परिवार को पांच लाख व घायल को एक लाख देने के साथ भेड़ों का भी उचित मुआवजा दिया जाए।
घायल को पांच हजार की मदद
प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल व्यक्ति को रेडक्रॉस के माध्यम से उधमपुर अस्पताल में जाकर पांच हजार रुपये की सहायता प्रदान की है। नायब तहसीलदार कुलदीप राज ने बताया कि प्रशासन प्रभावित परिवारों की सहायता में जुटा है और मृतक के परिजन को जल्द राहत दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। भेड़ों के नुकसान का आकलन किया जा रहा है।